14 सितम्बर, मतलब एक बार फिर हमें हिंदी दिवस मनाने का मिला है मौका। वैसे तो हिंदी का महत्व हमारे जीवन में सदैव ही रहता है, लेकिन 14 सितम्बर को हम खास तौर पर इसे मनाते हैं। बेशक हिंदी में कुछ अलग सी बात है, कुछ अपनी सी बात है। बहुत अपनापन और प्यार इस भाषा में छिपा हुआ है।
हालांकि अभी भी अंग्रेज़ी का प्रभाव हमारे पेशेवर जीवन में बहुत ज़्यादा है, पर धीरे ही सही, तस्वीर बदल रही है। ऑफिस में अब हिंदी का प्रयोग बढ़ रहा है। इससे लोगों के बीच दूरियाँ खत्म हो रही हैं और संगठन पहले से ज़्यादा मजबूत हो रहे हैं।
आज इस हिंदी दिवस के मौके पर हम हिंदी के बढ़ते उपयोग के बारे में बताएंगे।

बहुत सारी कंपनियों के टैगलाइन में होता है हिंदी का इस्तेमाल
यूं तो कंपनियों के नाम अंग्रेज़ी में होते हैं, लेकिन उनके टैगलाइन – जो कि लोगों को उनकी तरफ आकर्षित करते हैं – हिंदी में लिखे हुए रहते हैं। इसका उद्देश्य लोगों को अपने ब्रांड से जोड़ना है। देश की अधिकांश आबादी हिंदी समझती और बोलती है। तो क्यों न इसका इस्तेमाल करके बहुत ज़्यादा लोगों से जुड़ा जाए।
खेल जगत में खासकर हिंदी का बढ़ रहा है प्रचलन
अगर क्रिकेट की बात करें तो हिंदी कमेंट्री तो तकरीबन 1950 से मौजूद रही है, रेडियो के द्वारा। लेकिन 1990 से जब टीवी का युग आया तो अंग्रेज़ी कमेंट्री का पलड़ा हिंदी कमेंट्री पर भारी पड़ता गया। लेकिन वह कहते हैं न बदलाव प्रकृति का नियम है। 2011 के बाद सारे स्पोर्ट्स चैनल हिंदी कमेंट्री को तबज्जो देने लगे। इससे लोगों की कमेंट्री सुनने में दिलचस्पी काफी बढ़ी और बढ़ते ही जा रही है।
जो कभी हिंदी बोलते नहीं थे, आज वे कमेंट्री बॉक्स में मुहावरे में बात कर रहे हैं, चाहे वह सुनील गावस्कर हों या वीवीएस लक्ष्मण। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है हिंदी की बढ़ती लोकप्रियता का।
हिंदी फिल्म उद्योग में अब महसूस होती है हिंदी
यूं तो हिंदी फिल्म उद्योग का इतिहास 1920 से है, पर हिंदी सिर्फ बड़े और छोटे पर्दे पर ही सुनने को मिलती थी। पर अब वे अभिनेता/अभिनेत्री और फिल्म निर्देशक, जो पहले कैमरा हटते ही सिर्फ अंग्रेज़ी में बोलते थे, अब वे हिंदी में बात करते नजर आ रहे हैं। उदाहरण के तौर पर अभिनेता ऋतिक रोशन और फिल्म निर्देशक करण जौहर।
निष्कर्ष
वाकई हिंदी भारतीय समाज में क्रांतिकारी बदलाव लेकर आई है। लोग हिंदी में बातें करना पसंद कर रहे हैं। यह दर्शाता है हम सभी का हिंदी के प्रति लगाव और प्यार। बस इसे जीवंत रखना है युगों युगों तक। हमसे जुड़े रहने के लिए धन्यवाद। Zaroori Baat Hai की टीम आपसे फिर जुड़ेगी एक नए किस्से को लेकर। तब तक के लिए हम ले रहे हैं आप सभी से अलविदा। अपना खूब ख्याल रखें।